वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

बीती रात मैलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फुलईया नं 1 में रहने वाली कलावती पत्नी पूर्णमासी जोकि अपने पुत्र मंजीत व पुत्री मोना के साथ घर में सो रही थी। पीङिता ने बताया कि रात लगभग बारह बजे आधा दर्जन अज्ञात चोर मेरे घर में घुस आये तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए घर मे रखे बाक्स मे दो हजार रुपये की नकदी तथा घर में रखे टीन के तीन ड्रामों में से आठ कुन्तल धान भरकर ले गये। पीङिता ने आरोप लगाया है कि लुटेरों ने विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई कर दी तथा हम लोगों पर बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ छिडक दिया जिससे हम बेहोश होकर पडे रहे। सुबह चार बजे हम लोगों को होश आया तो बाहर जाकर गांव वालों को लूट की सूचना दी। गांव वालों ने डायल 100 व स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस सुबह 6 बजे पीड़िता के घर पहुंची और घटना से सम्बंधित जानकारी ली पीड़िता का घर कच्चा बना हुआ है तथा पीड़िता का पति इस समय दिल्ली में मजदूरी कर रहा है।
बदमाशों को आठ कुन्तल धान की चोरी करने में काफी समय लगा होगा फिर भी बदमाशों को गांव वालों के जग जाने व पुलिस आने का बिल्कुल डर नहीं लगा। इससे पहले भी चोरों ने पास ही के जवाहरपुर गांव में कुछ समय पूर्व दो घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था जिसका खुलासा करने में अभी तक स्थानीय पुलिस नाकाम रही है। थाना क्षेत्र में हुई इस लूट की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल कर रख दी है। उक्त घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।ग्रामीणों ने उक्त घटना के खुलासे की स्थानीय पुलिस से मांग की है।
थाना प्रभारी निरक्षक ब्रजेश चन्द्र तिवारी ने बताया की जांच पड़ताल की जा रही है जल्दी ही चोरों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
