गुलज़ार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
जिलाधिकारी चन्द्र पाल सिंह, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना ने कृषि उत्पादन मण्डी पहुंचकर स्ट्रांग रूम में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (एवीएम) की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ एवं पुलिस के जवानों से बात कर कहा कि निषिद्ध क्षेत्र में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को किसी भी दशा में प्रवेश न करने दें, स्ट्रांग रूम के आसपास कराई गई बैरीकेडिंग के अन्दर किसी को आने की इजाजत नहीं है। मण्डी परिसर में लगे बैरियर से आगे किसी भी वाहन को न जाने दिया जाये, मतगणना पण्डाल में कार्य कर रहे कर्मियों, मजदूरों को भी स्ट्रांग रूम के पास जाने की इजाजत नहीं है, ईवीएम की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये। उन्होने सुरक्षा में तैनात जवानो से कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों को अंजाम दें।
दोनों अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में प्रत्येक स्ट्रांग रूम के ताले, सील चेक करायी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्ट्रांग रूम में रखी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन की निगरानी कड़ी सुरक्षा में की जा रही है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी प्रतिदिन मण्डी पहुंचकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। ईवीएम की सुरक्षा के चाक- चौबन्द इंतजाम किये गये हैं। निषिद्ध क्षेत्र में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की इजाजत नहीं है। पुलिस, सीआईएसएफ के जवान 24 घण्टे मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों को अंजाम दे रहे हैं। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक अधिकारी, ड्यूटी में लगे कर्मियों, सुरक्षा में लगे जवानों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से भी की जा रही है। स्ट्रांग रूम के इनर, आउटर कार्डन में तैनात पुलिस की मजबूत घेराबंदी की गयी है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी किशनी अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
