मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर प्रति वर्ष की परंपरानुसार स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों के संबंध में नवागत कलेक्टर श्री उमेश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने समारोह के सभी बिन्दुओं पर अधिकारियों से विस्तृत रूप से चर्चा की। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को जिला मुख्यालय सहित जिले भर में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को हर्षोल्लास और गरिमा पूर्वक मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां एवं रिहर्सल समय से पहले करने के निर्देश दिए।
इस समारोह के आयोजन में विभिन्न विभागों की भूमिका और उन्हें सौपें गए दायित्व के बारे में अवगत कराया। कलेक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, पुरस्कार आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पर्याप्त समय पूर्व पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिये है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री रोमानुस टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनिल पाटीदार, एसडीएम नेपानगर श्री आर.एस.मण्डलोई, नगर निगम आयुक्त श्री पवन कुमार सिंह सहित अन्य विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।
