सरवर खान जरीवाला, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल के टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र के एक नाले में बुधवार को चादर में बंधा दो कटा हुआ इंसानी पैर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पैरों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस काफी तलाश के बाद भी शरीर के अन्य हिस्सों का पता नहीं लगा सकी है। कटे हुए एक पैर पर पुरानी चोट का निशान पाया गया हैं, पुलिस को उम्मीद है कि इसके सहारे वह पैरों की शिनाख्त कर लेगी।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को कांग्रेस नगर के नाले में वसीम उर्फ सूफी ने एक चादर की गठरी देखी जिस पर काफी खून लगा हुआ था। वसीम ने इसकी सूचना टीलाजमालपुरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गठरी खोलकर देखा तो उसमें इंसान के दो कटे हुए पैर रखे थे। पुलिस ने नाले के आसपास काफी दूर तक तलाश किया लेकिन शरीर का अन्य हिस्सा कहीं दिखाई नहीं दिया।
पुलिस ने पैरों को जांच के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पैर किसी युवती के दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा की पैर किसी महिला के हैं या पुरूष के। कटे हुए एक पैर के घुठने पर पुरानी चोट का निशान है जिसे पुलिस शिनाख्त के लिए मजबूत सुराग मान रही है।
पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले टीलाजमालपुरा से एक युवती गायब हुई थी जो अब तक वापस नहीं लौटी है। पुलिस को शक है कि यह पैर उसी युवती के हो सकते हैं। पुलिस युवती के परिजनों को बुलाकर उनसे पूछताछ करेगी।
