भिवंडी शहर में फिर से मंगल बाजार शुरू करने की मांग को लेकर किया गया धरना प्रदर्शन | New India Times

शारिफ अंसारी, भिवंडी /मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

भिवंडी शहर में फिर से मंगल बाजार शुरू करने की मांग को लेकर किया गया धरना प्रदर्शन | New India Times

भिवंडी शहर के मुख्य बाजार तीन बत्ती क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक मंगल बाजार की भीड़भाड़ को देखते हुए मनपा प्रशासन द्वारा अचानक बंद किए गए मंगल बाजार को फिर से शुरू करने की मांग को लेकर मनपा मुख्यालय के सामने भिवंडी शहर जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष के मार्गदर्शन में धरना प्रदर्शन किया गया।

गौरतलब हो कि भिवंडी के मध्य शहर में स्थित तीन बत्ती बाजार क्षेत्र स्थित जैतूनपुर स्लैब पर 30 वर्षों से हर मंगलवार को लगने वाले सप्ताहिक मंगल बाजार को भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम की शिकायत के बाद मनपा प्रशासन ने अचानक 2 अक्टूबर 2018 को बंद कर दिया जिसके कारण हजारों दुकानदार बेरोजगार हो गए हैं। फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपने परिवार का पेट भरने वाले छोटे-मोटे दुकानदार व फेरीवाले इस मंगल बाजार के बंद होने से बेरोजगार होने के बाद एक समन्वय सीमित बनाकर इस मंगल बाजार को शुरू करने की लड़ाई शुरू की है, 2018 जिसके तहत सोमवार को मंगल बाजार समन्वय समिति और भिवंडी शहर जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष रेहाना अंसारी के नेतृत्व में मनपा मुख्यालय के सामने उग्र धरना प्रदर्शन किया गया।

मंगल बाजार के बंद होने से बेरोजगार हुए सैकड़ों फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले तथा फेरीवाले दुकानदारों को संबोधित करते हुए कांग्रेस महिला अध्यक्ष रेहाना अंसारी ने कहा कि इस संदर्भ में मनपा प्रशासन के साथ समन्वय समिति की तरफ से कई बार पत्र व्यवहार कर गरीबों और बेरोजगारों के हित को देखते हुए मंगल बाजार को फिर से शुरू करने की मांग उठाई जाती रही है, लेकिन मनपा में बैठे उच्च अधिकारी कुछ दुकानदारों और राजनीतिक नेताओं के इशारे पर मंगल बाजार को शुरू करने की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस महिला अध्यक्ष रेहाना अंसारी ने मनपा प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर यदि मंगल बाजार शुरू करने का निर्णय मनपा प्रशासन ने नहीं किया तो मनपा मुख्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।

इस अवसर पर नगरसेवक बाबा बहाउद्दीन, भिवंडी अल्पसंख्यक विभाग जिला अध्यक्ष तुफैल फारूकी, हामिद अंसारी, नसीम बाबा, समीर मोमिन, महबूब अंसारी, सौद भाई, अनीशा अंसारी सहित सैकड़ों बेरोजगार दुकानदार समन्वय समिति के लोग शामिल थे।

By nit

Exit mobile version