फराज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ बहराइच (यूपी), NIT:

शुक्रवार देर रात थाना नवाबगंज क्षेत्र अन्तर्गत मलौनापुरवा गांव के लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर राप्ती नदी के तट पर लगने वाले होलिया मेला में शामिल होने गए थे। ग्रामीण गांव निवासी एक व्यक्ति की ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार थे। ग्रामीणों ने मेले में खरीददारी की। राप्ती नदी मेें स्नान कर मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। देर शाम ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर पुन: घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्राली पर करीब 40 लोग सवार थे। मेलार्थियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली जब थाना क्षेत्र के समतलिया गांव के निकट पहुंची तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद से चीख पुकार मच गयी। राहगीर व आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक ट्रॉली के नीचे दबकर 10 वर्षीय गुड्डू व उसकी छोटी 6 वर्षीय बहन राजरानी की ट्राली के नीचे दब कर दर्दनाक दबकर मौत हो गयी। जबकि हादसे में दर्जन घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी के जवान मौके पर पहुंच गये और राहत बचाव कार्य मे जुट गये। जवानों ने अपने वाहनों में घायलों को लाद सीएचसी पहुंचाया। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। इस हादसे में मंजू, रीना, शिवा, लवकुश, सुमिता, नानबाबू व आशिया की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उनका उपचार जारी है।
