अब्दुल वाहिद काकर, ब्यूरो चीफ धुले (महाराष्ट्र), NIT:

ईद मिलादुन्नबी को लेकर मंगलवार रात से उत्साह देखा जा रहा है। मुस्लिम बस्तियों को दुल्हन की तरह सजाया गया था। शहर को आकर्षक लाइट, डेकोरेशन, रंग बिरंगी फूलों के झूमर आदि से दुल्हन की तरह सजाया गया था। सरकार की आमद मरहबा के नारे गूंज रहे थे।
जश्ने ए ईद मिलादुन्नबी का जुलूस मुस्लिम समुदाय के अव्वल ओर आखरी नबी ए करीम सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम की पैदाइश की खुशी में पूरे देश में बड़ी सादगी के साथ निकाला गया। इसी तरह पुलिस अधीक्षक विश्वास पांढरे ने परंपरा अनुसार फीता काटकर जुलूस को रवाना किया। इस दौरान खुद पुलिस अधीक्षक, क्राइम ब्रांच पुलिस इंस्पेक्टर हेमंत पाटील जुलुस के साथ चले। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक का मुस्लिम समुदाय ने गुलाब के फूल पेश कर स्वागत किया। मछली बाजार से दोहपर तीन बजे के करीब जुलूस का आगाज़ किया गया। नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ जुलूस पांजरा नदी किनारे स्थित ईदगाह मस्जिद पहुंचा। जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने चौराहे चौराहे पर दावते आम, खीर हलवा का इंतजाम किया गया।
मिलादुन्नबी का जुलूस बुधवार को कड़े सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। अकीदतमंदों की भीड़ से शहर की सड़कें अटी पड़ी रहीं। जुलूस की सुरक्षा में दस थानेदार साए की तरह साथ-साथ चल रहे थे। सीएसपी सिटी, पुलिस अधीक्षक जुलूस भ्रमण की गतिविधियों के दौरान पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर शांति व सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात रही। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस में अनेकों छोटे बड़े हरे रंग के इस्लामी झडे लिए सभी मोहल्लों के लोग अपने रसूल की आमद पर खुश होकर नारे तकबीर व नारे रिसालत के गगन भेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे।
इस्लामी झंडों के साथ लहराया तिरंगा

जुलूस ए मुहम्मदी में हजारों की तादात में मुस्लिमों ने हिस्सा लिया। जुलूस में शामिल मुस्लिम समुदाय अपने अलग-अलग अंदाज में कतारबद्ध होकर चल रही थीं। कोई झब्बा पगड़ी में तो कोई कुर्ता-पाजामा और बंडी में था। किसी के सिर पर पगड़ी थी तो किसी के सिर पर अरबी रूमाल। हाथों में रंगबिरंगे झंडे के साथ ही जुलूस में शामिल लोगों ने तिरंगा भी लहराया, तो अनेकता में एकता की मिशाल कायम हो कर मानवता का संदेश दिया।
जगह जगह पर हुआ स्वागत
जुलूस ए मुहम्मदी का जगह जगह पर विभिन्न संस्थाओं ने स्वागत किया। कोतवाली के सामने एकता समाज कमेटी ने जुलूस ए मुहम्मदी का स्वागत किया। इस कमेटी में शामिल सभी धर्मों के लोगों ने फूलों की बौछार कर जुलूस का स्वागत किया। इस दौरान फिजा में सरकार की आमद मरहबा, जश्ने ईद मिलादुन्नबी जिंदाबाद, रसूल की आमद मरहबा, दाता की आमद मरहबा के नारे बुलंद हो गए।
