वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के प्रा.वि. सुआगाढा 2 में जिले के युवा नवोदित वैज्ञानिक मुनीर खॉन द्वारा बच्चों को अभिप्रेरित करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से अपने छात्र जीवन के बहुत सारे अनुभव साझा किये। जब वे प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते थे, बहुत छोटी उम्र में पिता को खोने के बाद उनके बड़े भाई ने उन्हें पिता की कमी महसूस नहीं होने दी और उनकी शिक्षा में बहुत सहयोग किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने खान पान पर स्वयं ध्यान दें, सुबह जल्दी उठें, खूब पानी पियें, सुबह पढाई करें, हल्का खाना खायें, नहाकर स्कूल जायें और अध्यापक द्वारा बताई गई बातों का घर जाकर चिंतन अवश्य करें। शिक्षा से ही वे हर चीज हासिल कर सकते हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अध्यक्ष बचपन संवारो फाउंडेशन ब्रजेश कुमार मिश्रा के द्वारा युवा वैज्ञानिक मुनीर खान को सम्मानित किया गया। विद्यालय के हर कक्षा के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया गया एवं विद्यालय में स्वेटर वितरण कार्यक्रम भी किया गया। कार्यक्रम में मुनीर खान, नईम खान, बृजेश कुमार मिश्र सामाजिक कार्यकर्ता अध्यक्ष बचपन संवारो फाउंडेशन, राजेश कनौजिया न्याय पंचायत समन्वयक अध्यक्ष प्रबंध समिति, अंसार महलूद, आमिर महलूद व विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्र.अ. पूर्णिमा मिश्रा ने बताया कि वे विद्यालय में समय समय पर बच्चों व अभिभावकों को अभिप्रेरणा के लिए शहर की उन हस्तियों को जो किसी भी क्षेत्र में अच्छा कार्य कर रहे हैं आमंत्रित करती रहती हैं। इसी कड़ी में मुनीर खान जो इस शहर के गौरव हैं जिन्होंने कम उम्र में वैज्ञानिक आविष्कारों से सभी को चकित कर दिया है उनसे बच्चों को मिलवाया ताकि इन बच्चों में भी कुछ करने की ललक जगाई जा सके।
