अश्वनी मिश्रा, सिवनी/केवलारी (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश में महिला अत्याचार और यौन शोषण के साथ साथ छेड़छाड़ की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिवनी जिला के महिला बाल विकास विभाग केवलारी का है। केवलारी परियोजना अधिकारी निर्मल ठाकुर पर आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ अश्लील हरकते करने और छेड़-छाड़ के संगीन आरोप लगाए हैं। सिवनी एसपी विजयराज सिंह और कलेक्टर गोपालचंद्र डांड को दिए गए अपने शिकायत आवेदन में सिंगोड़ी,पलारी और कंडीपार गावों के आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यरत कार्यकर्ताओं ने परियोजना अधिकारी निर्मल ठाकुर पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे न सिर्फ उनके साथ छेड़-छाड़ करते है बल्कि अश्लील हरकते भी करते है। पीड़िताओं का कहना है कि अगर कोई उनका विरोध करता है तो उसे नौकरी से निकाल देने की धमकी भी देते हैं।
केवलारी और पलारी पुलिस ने भी नहीं सुनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की गुहार
पीड़िताओं ने पुलिस पर भी आरोप लगते हुए कहा है कि पलारी और केवलारी पुलिस ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। पीड़िताओं ने एसपी और कलेक्टर से न्याय की गुहार लगते हुए आरोपी परियोजना अधिकारी के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सिवनी के कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के सामने न्याय की गुहार लगाती इन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की मानें तो महिला बाल विकास विभाग के केवलारी परियोजना अधिकारी निर्मल ठाकुर उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहते हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि परियोजना अधिकारी निर्मल ठाकुर उनके साथ न सिर्फ छेड़-छाड़ करते हैं बल्कि अश्लील हरकतें भी करते हैं। गौरतलब है की अपनी आशिक मिज़ाज़ी के चलते लगातार चर्चाओं में रहने वाले परियोजना अधिकारी इससे पहले बालाघाट जिले में पदस्थ थे जहाँ से उनकी इन्हीं हरकतों के चलते हटाया गया था।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पहुंची कलेक्टर और एसपी के पास
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ,शाहीन बेगम बताती हैं कि परियोजना अधिकारी हमारे केंद्र आते है और बच्चो को छुट्टी दे देते है और मुझ से कहते है तुम परदे में क्यों रहती हो अपने कपडे उतारो अपने अंग मुझे दिखाओ मेरा हाथ पकड़ लेते है और मुझसे कहते है कि स्टोर रूम चलो। इस बात की शिकायत हम पुलिस से करते हैं तो कोई हमारी नहीं सुनता। इसी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कान्ति सिन्धार कहती हैं कि हमारे परियोजना अधिकारी किसी भी काम के बहाने हमें घर बुलाते हैं हमारे साथ गन्दी हरकते करते है वे कहते है कि तुम मुझे फोन क्यों नहीं करती मैं तुम जहाँ बुलाऊं वहां आ जाया करो नहीं तो तुम्हे नौकरी से निकाल दूंगा। परियोजना अधिकारी की प्रताड़ना से तंग आकर हम इसकी शिकायत करने केवलारी थाना पहुंचे तो पुलिस ने हमारी नहीं सुनी, आज हम एसपी और कलेक्टर के पास अपनी शिकायत लेकर आये हैं।
