अविनाश द्विवेदी, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के बहुचर्चित अटेर विधायक हेमंत कटारे हनीट्रैप मामले में एक बार फिर से मामले में पीड़िता रही प्रांशु सिंह ने पहली बार भिंड आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया पर गंभीर आरोप लगाए। प्रांशु सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया चुनावों के चलते मामले को खींच रहे हैं जिसके चलते उनकी शादी में व्यवधान भी उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद भदौरिया ठाकुर और ब्राह्मण के नाम पर उनको बरगला रहे थे। अरविंद भदौरिया से बातचीत का स्टिंग वीडियो मीडिया को देते हुए प्रांशु सिंह ने अपने आरोपों की पुष्टि की। प्रांशु सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी 8 दिसंबर को शादी होनी है लेकिन उनको मोहरा बनाकर अरविंद सिंह भदौरिया पत्रकार धर्मेंद्र पैग्वार के साथ मिलकर अपने वकील आकाश तेलंग के जरिए अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश कर रहे हैं। वह केवल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते हेमंत कटारे के सामने क्षेत्र में अपनी अच्छी छवि बनाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रहे हैं, इसके लिए वह हर तरीके के हथकंडे अपना रहे हैं, जिसमें उनके केस को जानबूझकर लंबा खींचा जा रहा है। अरविंद भदौरिया चाहते हैं कि किसी भी तरीके से केस की तारीखें आगे बढ़ती रहें जिससे चुनावों में उनको इसका फायदा मिल सके।
