अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

आप द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने भारतीय जनता पार्टी के हालिया विज्ञापनों को जनता के पैसे का दुरुपयोग करार देते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश में सरकार कंगाल है। सरकार को अपनी हर योजना के लिए कर्ज की जरूरत पड़ती है वहीं सत्ताधारी भाजपा के पास बेहिसाब पैसा है।
सरकार की कंगाली और पार्टी के मालामाल होने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश की जनता पर भाजपा ने पिछले 15 साल के शासन काल में 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये का कर्जा लाद दिया है। आज इसी भाजपा ने सभी अखबारों में पूरे पेज के विज्ञापन दिये हैं। आखिर ये करोड़ों रुपया कहाँ से आया? इस कंगाली और मालामाली में कोई संबंध है क्या?
उन्होंने कहा कि भाजपा के पिछले 15 साल के शासन में भ्रष्टाचार के जरिये भाजपा नेताओं ने बड़े पैमाने पर जनता के पैसे की लूट को अंजाम दिया है। यह पैसा अब विज्ञापन की शक्ल में सामने आ रहा है।
उधर, इंदौर में निकली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा को भी उन्होंने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए इस पर चुनाव आयोग का ध्यान आकृष्ट कराया है।
