अरशद आब्दी, झांसी (यूपी), NIT;
नगर निगम झांसी व ज़िला जनकल्याण महासमिति के सहयोग से स्वच्छता का सन्देश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्य अतिथि सदर विधायक रवि शर्मा ने स्वच्छ भारत अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उनकी सोच खुले में शौच मुक्त भारत और स्वच्छ पर्यावरण की है। उन्होंने पॉलीथीन के दुष्प्रभाव से भी आगाह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दैनिक जागरण के निदेशक यशोवर्धन गुप्त जी ने समाचार पत्र के माध्यम से निरन्तर जनता में सकारात्मक सन्देश देने और पाठकों के महत्त्वपूर्ण सुझाव के बारे में बताया। भैया जी ने सन 2013 से दैनिक जागरण द्वारा चलाये गए स्वच्छता अभियान पर बात की और उन चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला, जो किसी कार्य के प्रारम्भ में आती हैं। विशिष्ट अतिथि महापौर रामतीर्थ सिंघल जी ने स्वच्छ्ता सेमिनार के आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अन्य स्थानों और शहरों के तुलनात्मक तथ्यों पर विचार प्रकट किया। उन्होंने झांसी को आगामी सन 2019 में प्रतिभाग करके उच्च रैंक हासिल करवाने के लिए छात्र/छात्राओं व जनमानस से आह्वान किया। नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया जी ने स्वच्छता सर्वेक्षण के मूल्यांकन के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने आने वाले समय में और अधिक साफ-सफाई के साथ झांसी को चमकाने की बात कही। महासमिति के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार तिवारी ने स्वच्छता अभियान में स्वच्छ्ता ग्राहियों के योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ग्राही सुबह व शाम खुले में शौच मुक्ति अभियान के तहत लोगों की ट्रिगरिंग करने व समझाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ्ता मिशन को केवल शासन की महत्वाकांक्षा तक सीमित समझना ठीक नही, बल्कि यह हर व्यक्ति की आवश्यकता है। विभिन्न रोगों से केवल स्वच्छ्ता के उपाय से ही बचाव सम्भव है। इस मौके पर शिक्षक नेता नोमान को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित गोष्ठी व नुक्कड़ नाटक से स्वच्छ्ता का संदेश लोगों को मिला और लोग प्रेरित हुए। जुगनू मैरिज हाल में स्वच्छता अभियान के शंखनाद का हज़ारों लोग गवाह बने और स्वच्छता को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात स्वच्छता ग्राहियों को प्रशस्तिपत्र व मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। तत्पश्चात प्रेमनगर क्षेत्र में स्वच्छता रैली निकाली गई।
