सैय्यद फैज़ानुद्दिन, पुसद/यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT;
यवतमाल ज़िले के पुसद शहर के रास्तों पर गत कुछ माह से जिधर नज़र डालो उधर आवारा पालतू जानवर ही दिखाई दे रहे हैं, जिसके कारण शहर वासियों का और वाहन चालकों का रास्ते पर से गुजरना मुहाल हो गया है।
शहर के प्रमुख मार्ग कपड़ा लाइन, गांधी चौक, सुभाष चौक, शिवाजी चौक, आंबेडकर चौक आदि स्थानों पर इन जानवरों ने कब्ज़ा जमा लिया है। जिसके चलते आये दिन जाम लगा रहता है। यहां तक कि हॉर्न बजाने के बावजूद भी ये जानवर नहीं हटते हैं। नगर परिषद ने कुछ माह पहले ही इन जानवरों को पकड़ने की मुहिम चलाई थी लेकिन मुहिम चार दिन की चांदनी फिर अंधेरी रात वाले मुहावरे तक ही सिमट कर रह गई है। जिसके कारण शहर के सभी रास्तों पर जानवरों का कब्ज़ा हो गया है।
वाहन चालकों के द्वारा कभी भी इन जानवरों को बचाने के चक्कर में बड़ा हादसा हो सकता है। जानवर अचानक किसी भी दो पहिया या चार पहिया वाहन के सामने दौड़ते हुए आ जाते हैं जिस के कारण हादसे हो रहे हैं। इसीलिए इन जानवरों का बंदोबस्त करने की मांग आम जनता की ओर से की जा रही है।
