अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
भोपाल के थाना गौतम नगर अंतर्गत आरिफ नगर में एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे को सागर पब्लिक स्कूल गांधी नगर की बस ने कुचल दिया जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने बस को आग के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार कुलसुम 6 वर्ष पुत्री भोलू आरिफ नगर में ओवरब्रिज के नीचे सड़क किनारे खेल रही थी गुरुवार दोपहर लगभग 2:30 बजे सागर पब्लिक स्कूल गांधी नगर की बस बच्चों को छोड़ने आई थी। बताया जा रहा है कि बस ने टर्न लिया उस समय बच्ची बस की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनांक मौत हो गई। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। वहीं घटना से नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ की फिर उसको आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि तंग सड़कों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। शासन प्रशासन को चाहिए कि तंग सड़कों पर बड़ी बसों को नहीं जाने दिया जाये।
सूचना मिलते ही मौके पर आला अधिकारी भी पहुंच गये थे। हालात सँभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
