अविनाश द्विवेदी/शेरा मिश्रा, कटनी (मप्र); NIT;
गतदिवस ग्रामीण विकास विभाग की जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक रीठी में आयोजित हुई, जिसमें कलेक्टर केवीएस चौधरी और सीईओ जिला पंचायत फ्रेंक नोबल ए ने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का रिव्यू मैदानी अमले से किया। बैठक में प्राथमिकता पर कलेक्टर श्री चौधरी ने सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों को असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के किये गये पंजीयन का सत्यापन प्राथमिकता पर करने के स्पष्ट आदेश दिये। उन्होंने कहा कि पंजीयन का कार्य पूरा होने के बाद सत्यापन का कार्य शेष है। इसलिये संबंधित अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में जिन पात्र हितग्राहियों का पंजीयन असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिये किया है, उनके सत्यापन के कार्य में जुटें।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास का रिव्यू भी कलेक्टर श्री चौधरी ने विस्तार से किया। इस दौरान उन्होंने पुराने शेष सभी आवास अगली बैठक के पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिन पंचायतों में पुराने आवासों के अपूर्ण होने की संख्या अधिक थी, वहां के पंचायत सचिवों की क्लास भी कलेक्टर ने ली।
रिव्यू मीटिंग में कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण कठारिया और रैपुरा का निलंबन प्रस्ताव पारित किया गया। इसी तरह हठकुरी सचिव को 15 दिवस के लिए अवैतनिक करने के आदेश भी कलेक्टर केवीएस चौधरी ने समीक्षा बैठक में दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विकास कार्यो की समीक्षा करने के दौरान निर्धारित लक्ष्य अनुसार तीसरी किस्त का वितरण न होने पर कलेक्टर जम कर बिफरे साथ 25 जून प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त का शत प्रतिशत भुगतान हितग्राहियों को करने के लिए निर्देशित भी किया। समीक्षा बैठक में ही आंगनवाड़ी एवं उचित मूल्यों की दुकानों के तत्काल उचित तरह से प्रबंधन करने के निर्देश भी कलेक्टर केवीएस चौधरी ने दिए।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर केवीएस चौधरी ने कहा कि लेबर बजट का शत प्रतिशत उपयोग निर्धारित समय सीमा पर करें। लेबर बजट के उपयोग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के विकास कार्यो की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित सारा कार्य, नरेगा पोर्टल पर सीसी जारी करने का कार्य 25 जून तक हर हाल में पूर्ण होना चाहिए।
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों, मनरेगा के तहत पूर्व के अपूर्ण कार्यों, सीसी रोड निर्माण, जल संरक्षण सहित अन्य गतिविधियों की भी विस्तार से समीक्षा कलेक्टर श्री चौधरी ने की। इस दौरान सीईओ जनपद प्रदीप सिंह, परियोजना अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
