पीयूष मिश्रा/ अश्वनी मिश्रा, सिवनी/भोपाल, NIT;
अमरीकी स्पेस एजेंसी नासा की बीते दिनों की सैटेलाइट तस्वीरों में भारत के बड़े हिस्से में आग को दर्शाया गया है। एजेंसी ने यह स्थिति उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत दक्षिण के कई राज्यों में दिखाई है। एजेंसी के मुताबिक भीषण गर्मी के कारण वातावरण में ब्लैक कार्बन की अधिकता बनी हुई है। इसके अलावा खेतों में जलाई जा रही नरवाई और जंगलों में लगी आग के कारण भी इस तरह की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
खेतों की नरवाई में लगाई जा रही है आग
कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक इन दिनों खेतों में फसलों को जलाने का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। जब से किसान मशीनों से कटाई करने लगे हैं तब अवशेष खेतों में रह जाते हैं। इन्हें खेतों से हटाने की बजाय किसान इसे जला देते हैं। यह प्रचलन मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और हरियाणा तथा पंजाब में काफी अधिक है। इससे वातावरण में काफी प्रदूषण फैल रहा है।
नासा द्वारा सैटलाइट से ली गई तस्वीरों में जिन राज्यों में आग लगने के निशान नजर आते हैं, वे गेहूं और धान की खेती के लिए जाने जाते हैं। फसल की कटाई के दो तरीके प्रचलित हैं, एक किसान द्वारा खुद फसल काटना और दूसरा मशीनों का इस्तेमाल। लेबर की कमी के चलते मशीनों से फसल काटने का प्रचलन तेजी से बढ़ा है।
मध्य प्रदेश में देखे गए सबसे ज्यादा निशान
एजेंसी के मुताबिक तस्वीरों में आग के ऐसे निशान सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में देखे गए हैं। यह राज्य गेहूं और धान की खेती में अग्रणी है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में खेतों की नरवाई जलाने के कारण भीषण आग जनि की घटनाएं सामने आ चुकी है बावजूद उसके अब तक शासन प्रशासन अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है जिसके चलते किसानों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं और लगातार खेतों में नरवाई जलाने की घटनाएं बढ़ती जा रही है।
