पवन परूथी, ग्वालियर/अशोकनगर (मप्र), NIT;
पुलिस महिला अपराधों को रोकने के लिए लड़कियों के साथ साथ अब लडकों को भी प्रशिक्षण देगी। लडकों को बताया जाएगा कि किसी भी प्रकार का महिला अपराध करने पर किस प्रकार से कानूनी तौर पर सजा का प्रावधान होता है, यह जानकारी महिला सेल ग्वालियर संभाग के डीआईजी अशोक गोयल ने मीडिया को दी है।
महिला सेल डीआईजी मंगलवार को अशोकनगर में महिला अपराध संबंधी निरीक्षण करने सिटी कोतवाली आए हुए थे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक तिलक सिंह, एसडीओपी हेमंत तिवारी एवं ऋतु केबरे उपस्थित थीं।
डीआईजी ने बताया कि ग्वालियर संभाग के आठ जिलों में सबसे कम महिला अपराध श्योपुर में एवं सबसे अधिक अपराध ग्वालियर में घटित हुए हैं, जबकि अशोकनगर नीचे से छठवें क्रम पर है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वह सप्ताह में एक बार जिले के किसी एक थाने का निरीक्षण करेंगे तथा महिला अपराध संबंधी दिशा निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि स्कूलों में लड़कियों को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा एवं लडक़ों को भी प्रशिक्षित कर महिला अपराध संबंधी कानूनी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
