शेरा मिश्रा/अविनाश द्विवेदी, कटनी (मप्र), NIT;
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर कलेक्टरों को सख्ती का संदेश देते हुए कहा है कि अगर उनकी प्राथमिकता को नजरअंदाज किया तो अधिकारी को तुरंत हटा दिया जाएगा और दोबारा कलेक्टर की पोस्टिंग नहीं मिलेगी। कटनी कलेक्टर वीएस चौधरी कोलसानी को फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि मैं आपको अच्छा कलेक्टर मानता था, सीईओ के रूप में आपने अच्छा काम किया पर अब सीएम की प्राथमिकता को नजर अंदाज कर रहे हो, ऐसे में कहीं कलेक्टर बनने लायक नहीं रहोगे।
सीएम चौहान ने ये सख्ती भरा मैसेज वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कलेक्टर व एसपी से चर्चा करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि मेरे मन को अच्छा नहीं लगा, तकलीफ हुई कि किसानों तक पैसा नहीं पहुंचा है, इसके लिए कलेक्टर जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि मंदसौर जाने पर उन्हें किसानों के पैसे नहीं मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद सभी जिलों से ऐसी ही रिपोर्ट मिली। टीकमगढ़, विदिशा, दमोह में भी काफी शिकायतें हैं। इसलिए सभी कलेक्टर इसे प्राथमिकता में ले और किसानों का पैसा जल्द से जल्द उनके खाते में पहुंचाएं।
