मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT;
प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर प्रवास के दौरान रविवार को मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि दुराचारियों को सख्त दण्ड देने के केन्द्र सरकार द्वारा तैयार अध्यादेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से महिलाओं के आत्म विश्वास में वृद्धि होगी और अपराधियों में दुराचार के अपराध के प्रति भय व्याप्त होगा और बेटियों के साथ दुराचार करने का विचार आने से पहले वे सौ बार सोचेंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा के लिए ऐसे ही कड़े कदमों की जरूरत थी। इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मा.शिवराजसिंह जी चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस तरह का कानून बनाने का प्रस्ताव तैयार कर चुकी हैं और यह प्रस्ताव विधानसभा से पारित कर राष्ट्रपति महोदय की ओर भेजा जा चुका हैं।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने कहा कि कठोर कानून लागू करने के पीछे सरकार की मंशा अपराधी को दण्ड देने के साथ-साथ अन्य अपराधियों में अपराध के प्रति भय पैदा करने की भी होती है। नये कानून के पारित हो जाने पर दो माह में बलात्कार के प्रकरण की सुनवाई न्यायालय को पूर्ण करनी होगी। अपराधी को अग्रिम जमानत देने का प्रावधान इस कानून के तहत समाप्त कर दिया गया है।
मंत्री श्रीमती चिटनिस ने इस अध्यादेश को तैयार करने के लिए प्रधानमंत्री मा.नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छा शक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपराधी कोई जाति व धर्म नहीं होता, अपराधी केवल अपराधी होता है।
गत दिनों बुरहानपुर में असामाजिक तत्वों द्वारा कुछ समय के लिए उत्पन्न किए गए साम्प्रादायिक तनाव को लेकर मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने चिंता प्रकट करते हुए कहा कि इस घटना के जिम्मेदार अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक भी दोषी नहीं छूटेगा। इस घटना के लिए वे लोग जिम्मेदार हैं जो बुरहानपुर की तरक्की नहीं चाहते। मंत्री श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर का इतिहास आपसी सद्भाव व समरसता का रहा है। हम सभी को मिलकर इस परम्परा को कायम रखना हैं। उन्होंने बुरहानपुर के मीडिया की परिपक्वता की सराहना करते हुए कहा कि अगर मीडिया परिपक्व न होता तो यह घटना और बडा रूप ले सकती थी।
