ओवैस सिद्दीकी, अकोला (महाराष्ट्र), NIT;
लूटपाट व हत्या की षडयंत्र रच रहे चार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से अवैध घातक हथियार बरामद हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात सिटी कोतवाली पुलिस थाने के पुलिस कर्मचारी विपुल सोलंके को गुप्त जानकारी मिली कि कुछ युवक एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। जानकारी के आधार पर डी.बी के जगदीश जायभाए, अनिल धनभर, विपुल सोलंके, ज्ञानेश्वर रडके, प्रमोद डुकरे, यशोधन जंजाल, अमित नाले, नागसेन वानखडे ने जाल बिछाकर आटो क्रमांक एम.एच 30 एए 6964 की जांच की। पुलिस ने आटो में मिले कुख्यात अपराधी आंबेडकर नगर निवासी अनिल उत्तम रत्ताल, पुराना शहर के आनंद नगर निवासी राजु मधुकर हिवराले, अकोट फैल के पंकज धनंजय दिघेकर, बड़ी उमरी संजय नगर के अमोल दिगांबर पवार को गिरफ्तार कर उनके पास से एक देशी कट्टा, एक राऊंड कारतूस, एक बड़ा चाकू, एक लोहे की बड़ी सरिया मिली। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आटो तथा शस्त्र जब्त कर लिया। इस गिरोह में शामिल राजू ने अपने शत्रू भिमगडे की हत्या करने की योजना बनाई थी। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने पर न्यायाधीश ने उन्हें 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं।
