शारिफ अंसारी, मुंबई, NIT;
मोटरसाइकिल चोरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भिवंडी शांतिनगर पुलिस ने एक बड़े मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर 9 लोगों को गिरफ्तार कर 20 मोटरसाइकिलें बरामद की है जिसकी कीमत 7 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है। इस मोटरसाइकिल चोर गिरोह के भांडाफोड़ होने से मोटरसाइकिल चोरों में हड़कंप मचा हुआ है।
शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर जाधव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मोटरसाइकिल चोर गिरोह के विक्की कुमार, मोहम्मद अख्तर, अब्दुल मजीद मिलकर मुंबई के घाटकोपर, कल्याण, भिवंडी के विभिन्न क्षेत्रों से मोटर साइकिल चोरी करते थे और बेचने के लिए मोहम्मद रियाज के पास देते थे। यह खबर मिलने के बाद शांतिनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक एस एस सोनावणे ने पुलिस दल के साथ जाल बिछाकर विक्की कुमार मेवालाल गौड 25, मोहम्मद अख्तर उर्फ सोनू अनवर अंसारी 27, अब्दुल मजीद मोहम्मद साबिर अंसारी 29, सलमान अनीश खान 19, नसीम अहमद जावेद मंसूरी 25 ,किफ़ायत वसीउल्लाह खान 20 ,हसन अब्दुल रशीद अंसारी 25, शहजाद अंजुम सईद अहमद अंसारी 27, अयाज अली अहमद अंसारी 32 नामक चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद सभी ने मोटरसाइकिल चोरी करने और बेचने का गुनाह कबूल कर लिया है। गिरफ्तार मोटरसाइकिल चोर आरोपियों के बयान के बाद सलमान खान, नसीम अहमद, जावेद मंसूरी, किफ़ायत खां, हसन मंसूरी, शहजाद अंसारी को हिरासत में लिया गया और इनके पास से पुलिस ने 20 मोटरसाइकिलें जब्त किया है जिसकी कीमत 7 लाख 52 हजार रुपये बताई गई है। बरामद की गई बीस मोटरसाइकिल में से 12 मोटरसाइकिल की चोरी के मामले विभिन्न पुलिस स्टेशन में दर्ज हैं, बाकी 8 मोटर साइकिल के चोरी के मामलों की जांच जारी है।
