अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में नसरुल्लागंज तहसील के ग्राम गौरखपुर में सामूहिक निकाह का आयोजन किया गया, जिस में 42 जोड़ों का निकाह हुआ। इस सामूहिक निकाह सम्मेलन में नव-युगलों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में यह योजना इंसानियत की मिसाल है। मुख्यमंत्री ने कल्याणी पुन-र्विवाह योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सम्मेलन में दो कल्याणी विवाह हो रहे हैं। योजना अनुसार दोनों को दो-दो लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी साथ ही सभी नव-वधुओं को स्मार्टफोन भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने असंगठित श्रमिक पंजीयन तथा इसमें दिए जाने वाले लाभ के बारे में बताते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति पंजीयन से वंचित न रहे।
ज्योति का विवाह होगा स्वेच्छानुदान से
कार्यक्रम में ग्राम किशनपुर की युवती ज्योति ने अपनी विवाह पत्रिका देते हुए मुख्यमंत्री को बताया कि मेरे माता-पिता नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा ‘तो क्या हुआ मामा तो है।’ उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया कि ज्योति का विवाह मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से कराने की व्यवस्था करें।
भोपाल के शहर काजी मो. अमानुल्लाह खान ने निकाह की रस्म अदा करायी। इस अवसर पर वन विकास निगमाध्यक्ष श्री गुरूप्रसाद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मरेठा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा हजारों की संख्या मे घराती-बाराती उपस्थित थे।
