अविनाश द्विवेदी, भिंड (मप्र), NIT;
चंबल रेंज के डीआईजी श्री सुधीर वी लाड ने कहा है कि भिण्ड में 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान हुई घटना के मद्देनजर जिले में शांति बहाल करने के प्रयास किए गए हैं, साथ ही नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने की पहल जारी है। वे आज पुलिस कन्ट्रोल रूम भिण्ड के सभागार में मीडिया से रूबरू होकर चर्चा कर रहे थे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत खरे, कमाण्डेट 18वीं वाहिनी शिवपुरी श्री शशिकांत कनकने एवं प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित थे।
डीआईजी चंबल रेंज श्री सुधीर वी लाड ने कहा कि कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, साथ ही नागरिकों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने की दिशा में शांति समितियों की बैठक थाना स्तर पर आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि आगामी 10 अप्रैल एवं 14 अप्रैल और अन्य त्यौहारो पर शांति व्यवस्था बनाने की दिशा में पहल की जायेगी। इन अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त और दुरूस्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसमें जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
चंबल रैंज के डीआईजी श्री लाड ने कहा कि रैली, चल समारोह, जुलूस की अनुमति नहीं दी जायेगी। जिसके लिए पैरामिलक्ट्री फोर्स को लगाया जा रहा है। जिले में धारा 144 प्रभावशील है। डीआईजी श्री लाड ने विभिन्न प्रकार के प्रकरणों की जानकारी दी। साथ ही विगत घटना के दौरान दर्ज हुए प्रकरणों और की गई कार्यवाहियों की जानकारी दी। डीआईजी श्री लाड ने बैठक के प्रारंभ में प्रिन्ट एवं इलैक्ट्रोनिक मीडिया के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही सुझाव आमंत्रित किए।
