अविनाश द्विवेदी, भिंड (मप्र), NIT;
एससी /एसटी एक्ट के विरोध में सोमवार को हुए भारी उपद्रव के बाद आज तीसरे दिन कर्फ्यू के बावजूद भी छुटपुट घटनायें देखने को मिलीं। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नगरपालिका के सामने जूस की गुमठियों में उपद्रवियों ने आग लगा दी और सड़क पर टायर भी जलाये गए। रात के समय भागवत कथा के पंडाल में भी आग लगा दी गयी, लेकिन घर वालों की मुस्तैदी के चलते तुरंत आग पर काबू पा लिया गया। कुछ जगहों पर छुटपुट पथराव की सूचना भी सामने आईं है।
चम्बल डीआईजी सुधीर लाड के अनुसार स्थिति अभी नियंत्रण में है। उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। बतौर डीआईजी उपद्रव में कौन कौन शामिल रहे, इसके पीछे किसका हाथ है इसकी विवेचना की जा रही है उसी के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। डीआईजी के अनुसार अभी तक भारत बंद के बाद कुल 33 एफआईआर दर्ज की गईं हैं जिसमें 150 ज्ञात और तीन हजार चार सौ अज्ञात लोग शामिल हैं। उपद्रवियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। अभी तक दो दर्जन से अधिक उपद्रवी हिरासत में लिए गए हैं।
