अविनाश द्विवेदी/शेरा मिश्रा, कटनी (मप्र), NIT;
बुधवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर केवीएस चौधरी ने आरओ से राजस्व के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की, साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी संबंधित राजस्व अधिकारियों को दिये। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारियों का रोल महत्वपूर्ण है। अपना कार्य जिम्मेदारी के साथ बेहतर ढंग से करें। ताकि अन्य विभागों के अधिकारियों के समक्ष राजस्व अधिकारी रोल-मॉडल के रुप में रहें।
निर्वाचन कार्य प्राथमिकता और गंभीरता से संपादित करने के आदेश भी कलेक्टर ने आरओ मीटिंग में दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का डाउट होने पर उसे क्लियर करें, कार्य सही प्रक्रिया से होना चाहिये।
बैठक में आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज प्रकरणों के आधार पर राजस्व न्यायालयों की समीक्षा भी कलेक्टर केवीएस चौधरी ने की। उन्होंने 1 से 5 वर्ष पुराने लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिये। साथ ही बैठक में डायवर्सन, नगरीय क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों के नियमित्तिकरण, नामांतरण, सीमांकन, नक्शा तरमीम, बंटवारा, वसूली, जाति प्रमाण पत्र और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी राजस्व अधिकारियों की मीटिंग में कलेक्टर ने की। साथ ही आवश्यकता अनुरुप संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया।
