मेहलका अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT;
आयुष विभाग, मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से आयुष रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्री दीपक सिंह के निर्देशन में, जिला आयुष अधिकारी डॉ कलीम अंसारी के मार्ग दर्शन में आज बुधवार को एक नि:शुल्क यूनानी शिविर, उपनगर लालबाग में चित्रा टाकीज के पास लगाया गया, जिस में कुल 151 रोगी लाभंवित हुए।
शिविर में बवासीर एवं वात के 2 रोगियों को शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय शिकारपुरा बुरहानपुर रेफर किया गया। उक्त शिविर में काली फाटक में पदस्थ युनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ एजाज अनवर अंसारी एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध युनानी चिकित्सक डॉ अब्दुल सईद सहित दवासाज़ सुश्री रंजना माडवकर ने अपनी सराहनीय सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाया । उक्त शिविर में रक्ताल्पता, वात रोग ,चर्म रोग ,उदर रोग मधुमेह, कास,अतिसार एवं बुखार के अधिकांश रोगी मिले| रोगियों को साफ सफाई के साथ भारतीय जड़ी बूटियो से निर्मित यूनानी औषधियों का महत्व समझाकर एंव बताकर भारतीय चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहित करने की भी अपील की गई । उलटी दस्त एवं पीलिये की रोकथाम के लिए पानी को उबालकर पीने के साथ बाहर की तली वस्तुएं , बच्चो को कुरकुरे ,चॉकलेट, चिप्स आदि से बचने की सलाह दी गई। डॉक्टर अंसारी ने मीडिया को बताया कि जनता की जागरुकता तथा भारतीय चिकित्सा पद्धति के प्रचार प्रसार हेतु आयुष विभाग, मध्य प्रदेश शासन के माध्यम से हर माह यूनानी शिविर का आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
