अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
नरेला विधायक सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में नरेला विधानसभा क्षेत्र में इस बार नर्मदा जयंती को तीन दिन के महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। यह महोत्सव बुधवार 1 फरवरी से शुरू होगा जब सुबह 8 बजे से प्रत्येक वार्ड में नर्मदा जल एकत्र करने का अभियान शुरू होगा।
श्री सारंग की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। इसमें बताया गया है कि यह अभियान दो दिन तक चलेगा जिसमें नरेला विधानसभा के सभी 17 पार्षद और पदाधिकारीगण अपने अपने वार्ड में एक साथ निकलकर घर-घर से नर्मदा जल का एकत्रीकरण करेंगे। यह जल तीसरे दिन 3 फरवरी को अशोका गार्डन स्थित नर्मदा परिक्रमा पार्क एक विशाल नर्मदा जल यात्रा के साथ पहुंचाया जाएगा। पार्क में शाम को पूजन और महाआरती के बाद जबलपुर की प्रसिद्ध भजन गायिका संजो बघेल की प्रस्तुति के साथ इस महोत्सव का समापन होगा। 
श्री सारंग ने बताया कि नर्मदा जयंती को यादगार बनाने के लिए नरेला विधानसभा के घर-घर को नर्मदा से जोड़ने का यह प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने अपनी विधानसभा के समस्त कार्यकर्ताओं को जुडने का आव्हान किया है। उल्लेखनीय है कि नरेला में तीन मंडल हैं जिसमें सुभाष मंडल, स्टेशन मंडल और करोंद मंडल शामिल हैं।
