जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मध्यप्रदेश ), NIT;
फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली द्वारा महारानी पद्मावती के जीवन पर बनाई जा रही फिल्म में इतिहास से छेड़छाड़ के विरोध में सोमवार को राजपूत समाज के लोगों ने उनका पुतला दहन कर प्रदर्शन किया। युवाओं ने महाराणा प्रताप चौक पर एकत्रित होकर भंसाली के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि फिल्मकार देश के इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश कर हर समाज के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिस पर सरकार को रोक लगानी चाहिए। नागरिकों ने प्रधानमंत्री से भंसाली द्वारा बनाई जा रही फिल्म पर रोक लगाने की मांग की, ताकि हमारा इतिहास सुरक्षित रह सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा इस ओर कदम नहीं उठाया गया तो पूरे देश में प्रदर्शन जारी रहेंगे।
