शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद कई विभागों के कर्मचारियों को नहीं मिला दीपावली बोनस, अफसरशाही पर उठे सवाल: रूपेश | New India Times

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस देने की घोषणा किए जाने के बावजूद लोक निर्माण विभाग, आईटीआई सहित जनपद के कई विभागों के कर्मचारियों को अभी तक बोनस का भुगतान नहीं हो सका है। शासन की घोषणा के बाद भी बोनस भुगतान की प्रक्रिया पूरी न होने से अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे कर्मचारियों में भारी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।

लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी नेता अनूप कुमार श्रीवास्तव, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव तथा आईटीआई की विनीता सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों को अवगत कराया कि उनके विभागों में अभी तक बोनस भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू नहीं की गई है, जबकि दीपावली का पर्व नजदीक है। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि त्योहार से पहले बोनस की धनराशि उनके खातों में पहुंच जाएगी, जिससे वे अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से दीपावली मना सकेंगे। लेकिन विभागीय उदासीनता ने उनकी खुशियों पर पानी फेर दिया है।

इस पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक स्थिति है कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में ही अफसरशाही इतनी बेलगाम हो गई है कि शासन के आदेशों और मुख्यमंत्री की मंशा का भी अधिकारियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने की घोषणा कर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण कर्मचारी अपने ही हक की धनराशि से वंचित हैं। आखिर ऐसी कौन-सी प्रशासनिक बाधा है, जिसके चलते बोनस भुगतान की प्रक्रिया समय से पूरी नहीं की जा सकी? त्योहार के ठीक पहले कर्मचारियों को निराश करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों से मांग की कि तत्काल हस्तक्षेप कर शेष सभी विभागों में बोनस का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को दीपावली की खुशियों से वंचित न होना पड़े।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version