जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

दीपावली और अन्य त्योहारों की रौनक के बीच यदि आप राजधानी के न्यू मार्केट, चौक बाजार, विट्ठल मार्केट या 10 नंबर मार्केट में खरीदारी करने जा रहे हैं, तो विशेष सावधानी बरतें। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे और असामाजिक तत्व वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में भोपाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही नागरिकों, विशेषकर महिला खरीदारों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल तैनात है, लेकिन नागरिकों की अपनी सतर्कता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी बरकरार रह सकती हैं, जब लोग सुरक्षा और सावधानी को प्राथमिकता दें।
कमिश्नर की प्रमुख हिदायतें:
पर्स और हैंडबैग हमेशा सामने रखें: बैकपैक या पीछे लटकने वाले बैग पर जेबकतरों की नजर हो सकती है। इसलिए खरीदारी और मोलभाव करते समय अपने बैग को हमेशा सामने की ओर रखें और उस पर नजर बनाए रखें।
बच्चों की सुरक्षा में न बरतें लापरवाही: बाजारों की भीड़ में बच्चों का हाथ बिल्कुल न छोड़ें। पुलिस कमिश्नर ने अभिभावकों को सलाह दी है कि छोटे बच्चों की जेब में उनका नाम, मोबाइल नंबर और घर के पते की पर्ची जरूर रखें, ताकि भीड़ में बिछड़ने की स्थिति में परिजनों से संपर्क करना आसान हो सके।
कीमती गहने और अधिक नकदी लेकर न निकलें: भीड़भाड़ वाले बाजारों में भारी सोने-चांदी के आभूषण पहनने और अधिक नकदी साथ रखने से बचें। खरीदारी के दौरान जहां संभव हो, डिजिटल भुगतान (UPI/कार्ड) का इस्तेमाल करें।
संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को दें सूचना: किसी भी लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि को नजरअंदाज न करें। राजधानी के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और सहायता बूथ तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या महिला हेल्पलाइन पर सूचना दें।
ब्यूरो चीफ की कलम से:
त्योहार खुशियों, उल्लास और आपसी भाईचारे का संदेश लेकर आते हैं, लेकिन भीड़भाड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व लोगों को अपना निशाना बना सकते हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, खुद सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि दीपावली का पर्व सुरक्षित और खुशहाल माहौल में मनाया जा सके।
