हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:
स्थानीय बाजार स्थित पेयजल निगम की पानी की टंकी से क्षेत्र के दर्जनभर गांवों में होने वाली पेयजल आपूर्ति पिछले एक सप्ताह से बंद है। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
करमा स्थित 16 मीटर ऊंची पानी की टंकी से धौरहरा, सिरविट, गणेशपुर, मदैनिया, करमा, चांड़ी, पड़रवा, बिजनपुर और हिनौता सहित आसपास के गांवों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। लेकिन पिछले करीब एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के लिए विभाग की ओर से कर्मचारियों की नियुक्ति भी की गई है, इसके बावजूद ग्रामीणों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
हर घर नल योजना के तहत अभी सभी गांवों में पानी पहुंचाने की व्यवस्था पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे में ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। धौरहरा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान द्वारिका प्रसाद और बिंदू प्रसाद ने बताया कि गांव में दशहरे के त्योहार के दौरान भी पानी की आपूर्ति बाधित रही थी और अब दीपावली के अवसर पर भी पिछले एक सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा है।
पूर्व ग्राम प्रधान द्वारिका प्रसाद ने बताया कि टंकी के पास बने कर्मचारी आवास पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता है। इस संबंध में सहायक अभियंता (एई) पंकज कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से दिखवाकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में पानी की किल्लत और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
