मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
विकास के दावों की पोल खोलती एक तस्वीर ग्राम पंचायत पनारा के अंतर्गत आने वाले बांधा दफाई क्षेत्र से सामने आई है। यहां माता मड़िया (खेड़ापति माता) मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 12 और 13 में सीसी रोड का निर्माण कार्य पिछले दो महीनों से अधिक समय से अधूरा पड़ा है। आरोप है कि पंचायत के ठेकेदार और मजदूर सड़क की खुदाई कर बेस तैयार करने के बाद बीच में ही काम छोड़कर चले गए। इसके चलते स्थानीय रहवासियों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
खोदी गई सड़क से बढ़ीं मुश्किलें, पर्वों के दौरान भी नहीं मिली राहत
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के नाम पर पूरे रास्ते को खोदकर बदहाल स्थिति में छोड़ दिया गया है। हाल ही में संपन्न हुए गणेश उत्सव और नवरात्रि के दौरान जब खेड़ापति माता मंदिर में देवी प्रतिमाओं की स्थापना की गई, तब श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों को इसी अधूरे और कीचड़युक्त रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। मंदिर में प्रतिदिन होने वाली आरती में शामिल होने और जलाभिषेक के लिए जाने वाले भक्तों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। थोड़ी सी बारिश होने पर यहां से गुजरना और भी मुश्किल हो जाता है।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, फिर भी मिले केवल आश्वासन
ग्रामीण बादल साहू ने बताया कि इस लापरवाही से परेशान होकर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन (181) पर भी सीसी रोड का निर्माण कार्य बंद होने की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर काम शुरू करवाने के बजाय बार-बार आश्वासन देकर शिकायत बंद करवा देते हैं। हर बार यही कहा जाता है कि एक-दो दिन में काम शुरू हो जाएगा, लेकिन आज दिनांक तक मौके पर एक भी मजदूर नजर नहीं आया है।
ग्रामीणों की दोटूक मांग—जल्द शुरू कराया जाए निर्माण कार्य
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत जुन्नारदेव के उच्च अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सीसी रोड निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवाने और उसे पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कर पूरा नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासियों को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
