अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान,भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हनुमानगंज थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, एक देशी कट्टा, 5 मैगजीन और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की तस्करी करने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाते थे और किन लोगों तक उनकी सप्लाई करते थे।
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कॉलोनी चौराहे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध पिस्टल लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही हनुमानगंज की पुलिस मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फरमान मोहम्मद (32), निवासी तलैया बताया। उसने पुलिस को अपने साथी अतीक उर्फ बबलू के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अतीक उर्फ बबलू (49), निवासी ऐशबाग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हनुमानगंज थाने में अपराध क्रमांक 613/26 के तहत धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। पुलिस अब हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी अतीक उर्फ बबलू के खिलाफ वर्ष 2006 में ऐशबाग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 291/2006 दर्ज होने का रिकॉर्ड भी सामने आया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक भगवान सिंह वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद युसुफ सहित आरक्षक आशीष त्यागी, प्रशांत शर्मा, सागर डोंगरे और सचिन यादव की सराहनीय भूमिका रही।
