त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस की दबिश, कार्रवाई ने पकड़ा राजनीतिक तूल, भाजपा के वरिष्ठ नेता को थाने लाने पर भड़के कार्यकर्ता, विधायक बृज बिहारी पटेरिया पहुंचे थाना | New India Times

दीपावली के मद्देनज़र देवरी नगर में अवैध आतिशबाज़ी और पटाखों के भंडारण के खिलाफ मंगलवार शाम पुलिस प्रशासन ने सर्चिंग अभियान चलाते हुए पटाखा कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। इस दौरान बिना लाइसेंस के आतिशबाजी सामग्री रखे जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कुछ स्थानों से पटाखे जब्त किए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन ने जब्त सामग्री की मात्रा और संबंधित दुकानदारों के नामों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया था।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ पटाखा व्यापारियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। इनमें भाजपा के एक वरिष्ठ नेता का नाम सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप लेने लगा। नेता को थाने लाए जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

देवरी में अवैध पटाखा कारोबार पर पुलिस की दबिश, कार्रवाई ने पकड़ा राजनीतिक तूल, भाजपा के वरिष्ठ नेता को थाने लाने पर भड़के कार्यकर्ता, विधायक बृज बिहारी पटेरिया पहुंचे थाना | New India Times

इसके बाद विधायक बृज बिहारी पटेरिया की थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार और एसडीओपी के साथ बंद कमरे में चर्चा हुई। इस दौरान अधिकारियों और विधायक के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई। चर्चा के बाद एक पटाखा व्यापारी को पुलिस वाहन से उसके घर छोड़े जाने की बात भी सामने आई, जिससे पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।
मीडिया ने विधायक बृज बिहारी पटेरिया से मामले में प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने थाने में बाइट देने से इनकार कर बाहर आकर बात करने की बात कही।
वहीं, थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार ने कार्रवाई के संबंध में बताया कि अवैध पटाखों और आतिशबाजी के भंडारण को लेकर पुलिस द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। अवैध पटाखा दुकानों की जांच के दौरान कुछ स्थानों पर पटाखे पाए गए हैं। मामले में जांच और आगे की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बीच कई सवाल भी उठ रहे हैं। आखिर कितनी दुकानों की जांच की गई, कितनी आतिशबाजी सामग्री जब्त की गई और कितने व्यापारियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया? समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से इन सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया था।
थाना प्रभारी कपिल लक्ष्यकार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि पटाखा कारोबार पर कार्रवाई के दौरान राजनीतिक हस्तक्षेप और विधायक के थाने पहुंचने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ जांच और कार्रवाई को किस तरह आगे बढ़ाता है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version