शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ, जनपद गोरखपुर की एक विशेष बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। प्रांतीय आह्वान पर 20 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित होने वाली पेंशन महारैली को सफल बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी 20 ब्लॉकों के पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रमेश कुमार भारती ने की तथा संचालन जिला महामंत्री शंभूनाथ गौड़ एवं जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली का संघर्ष अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। अपने अधिकारों की इस लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए सभी कर्मचारियों का संगठित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर को प्रदेश के लाखों कर्मचारी दिल्ली कूच करेंगे और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को मजबूती से उठाएंगे।
जिला संगठन मंत्री एवं जिला संप्रेक्षक उमेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
सफाई कर्मचारी संघ के संयुक्त मीडिया प्रभारी शमसुद्दोह एवं प्रदेश संयुक्त मंत्री संतोष कुमार यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन हमारे बुढ़ापे की लाठी है। हम सरकार से अपील करते हैं कि कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल की जाए। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के कर्मचारी खुशहाल होंगे, तभी वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ उतारने में अपना सहयोग दे सकेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से राजकुमार प्रसाद, उदयभान, देवी प्रसाद, नन्हे यादव, गीता देवी, संतोष यादव, कमलेश प्रसाद, राजू प्रसाद, अरुण कुमार कनौजिया, कमलेश कुमार, विजय कुमार, राजू यादव, उपेंद्र कुमार, पिंटू कुमार, बलराम पासवान, विनोद कुमार, राकेश कुमार खन्ना, धर्मेंद्र कुमार, जयगोविंद गौड़, पन्ने लाल यादव, विजय कुमार, पप्पू कुमार, लालजी, धनवंतरी बौद्ध, राम प्रवेश, बैजनाथ यादव, राहुल पासवान, दिवाकर चंद, श्याम सुंदर, अखिलेश, रंजय, विजय बहादुर, राजेश कुमार, रामजीवन, सुभाष, मंजू देवी, सीमा देवी, उमेश कुमार यादव, गणेश कुमार एवं अतुल कुमार सहित भारी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
