रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ स्थित केशव इंटरनेशनल स्कूल में CBSE द्वारा ‘कक्षा शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें झाबुआ सहित अलीराजपुर, कुक्षी एवं मेघनगर के विभिन्न विद्यालयों से आए प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य संसाधन वक्ता प्रतीक श्रीवास्तव, इंदौर तथा मोहित जैन, रतलाम ने शिक्षकों को कक्षा शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभावी, रचनात्मक एवं व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि AI किस प्रकार शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल एवं प्रभावशाली बनाने के साथ ही विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने में सहायक हो सकता है।
कार्यक्रम में शारदा समूह के एकेडमिक डायरेक्टर सतीश निरंजनी, शारदा विद्या मंदिर की प्राचार्य दीप शिखा तिवारी सहित अनेक शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शालू जैन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीक आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। केशव इंटरनेशनल स्कूल में आधुनिक तकनीक, रोबोटिक्स, कोडिंग एवं कौशल आधारित शिक्षा प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षकों की सहायता कर सकता है, लेकिन शिक्षक की संवेदनाओं एवं संस्कारों का स्थान कभी नहीं ले सकता।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक तकनीकी नवाचारों से परिचित कराना तथा शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना था। यह प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
