मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

सरदार पटेल जयंती पर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, 45 छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं सम्मान पत्र देकर बढ़ाया हौसला | New India Times

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से वीर गुर्जर महासभा के तत्वावधान में 30 अक्टूबर को मेधावी छात्र-छात्राओं का पारितोषिक वितरण एवं सम्मान समारोह रेवा गुर्जर मंगल भवन, संजय नगर, बुरहानपुर में आयोजित किया गया। वीर गुर्जर महासभा के सलाहकार एवं गुर्जर मंडल के जिला अध्यक्ष विनायक पाटिल के सानिध्य में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में 45 मेधावी छात्र-छात्राओं को सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा अंकित शील्ड एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नेपानगर, खकनार, शाहपुर सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विद्यार्थी एवं समाजजन शामिल हुए। समारोह में करीब 150 लोगों की सहभागिता रही। सरदार वल्लभभाई पटेल की 31 अक्टूबर को मनाई जाने वाली जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह सम्मान समारोह इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार 30 अक्टूबर को आयोजित किया गया।

समारोह का शुभारंभ दोपहर 12 बजे मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर भी पुष्पहार अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा शिक्षा के माध्यम से समाज एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को युवराज महाजन, विश्वनाथ हिराजी चौधरी, गजानंद महाजन, किशोर महाजन, भारती ताई पाटिल, विनोद पाटिल, विजय पाटिल एवं योगेश महाजन ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर वीर गुर्जर महासभा के सलाहकार एवं गुर्जर मंडल के जिला अध्यक्ष विनायक पाटिल, राजेंद्र माधवराव पाटिल सर, प्रीतम महाजन, मुरलीधर पाटिल, मुरलीधर महाजन, महेंद्र चौधरी, अक्षय महाजन, मनोज महाजन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी समाजजनों ने आपसी मेल-मिलाप के साथ स्वल्पाहार किया। इस प्रकार समारोह हर्षोल्लास एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में राजेंद्र पाटिल सर ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version