मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

शहर की सुरक्षा को मजबूत बनाने और अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में जनसहयोग की एक सराहनीय पहल सामने आई है। अभिनंदन इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक, व्यापारी एवं समाजसेवी श्री सतीश अग्रवाल ने बुरहानपुर पुलिस को दो वायरलेस सीसीटीवी कैमरे प्रदान किए हैं। यह पहल पुलिस और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाती है। जनसहयोग से मिले इन कैमरों से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख चौराहों पर निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन में बुरहानपुर पुलिस अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में प्राप्त वायरलेस सीसीटीवी कैमरों का उपयोग निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाएगा। कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर रिकॉर्ड किए गए दृश्य घटनाओं की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पुलिस और जनता की साझेदारी से सुरक्षित बनेगा शहर
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने, अपराधों की रोकथाम करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने में सहायता मिलेगी। यह पहल संदेश देती है कि शहर की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से भी इसे अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बुरहानपुर पुलिस द्वारा नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए निरंतर सहयोग की अपील की जा रही है। ऐसे में सतीश अग्रवाल का यह योगदान समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है। जनसहयोग की ऐसी पहल पुलिस और जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने के साथ सुरक्षित, सजग और अपराधमुक्त शहर के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
