मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत खापा स्वामी स्थित जीएम ऑफिस के पास रेलवे गेट पर एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। ओवरगेज में खतरनाक तरीके से लटक रहे भारी-भरकम बोर्ड को रेलवे विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुरुस्त करा दिया है। इससे स्थानीय रहवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
खतरे की घंटी बना था झूलता बोर्ड
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त रेलवे गेट पर लगे ओवरगेज (Over Gauge) का एक बोर्ड लटककर नीचे की ओर झुक गया था। इस बोर्ड के कारण यहां से गुजरने वाले भारी वाहनों, ट्रैक्टरों और अन्य राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। स्थिति गंभीर थी और कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका थी, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में चिंता व्याप्त थी।
प्रमुखता से उठी आवाज, हरकत में आया रेलवे प्रशासन
इस गंभीर खतरे को लेकर स्थानीय स्तर पर और मीडिया के माध्यम से लगातार आवाज उठाई गई। खबर प्रकाशित होने के बाद रेलवे विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई की।
बोर्ड दुरुस्त होने से ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए ओवरगेज में लटक रहे बोर्ड को दुरुस्त कर दिया, जिससे दुर्घटना की आशंका कम हो गई।
रेलवे विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से खापा स्वामी ग्राम पंचायत के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की।
