संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

संगीत, कला और सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध परंपरा के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखने वाले ऐतिहासिक शहर ग्वालियर में 21वें आईटीएम अंतर्राष्ट्रीय उद्भव उत्सव 2026 का भव्य आगाज़ 24 अक्टूबर से होने जा रहा है। 24 से 27 अक्टूबर तक चलने वाला यह चार दिवसीय आयोजन देश-विदेश की विविध संस्कृतियों, कलात्मक अभिव्यक्तियों और वैश्विक एकता का अनूठा उत्सव बनेगा। इस आयोजन के माध्यम से ग्वालियर की धरती पर एक ‘लघु विश्व’ साकार होगा।

‘प्रमोटिंग ग्लोबल यूनिटी थ्रू कल्चर’ की थीम पर सजेगा मंच
इस वर्ष इस अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन का आयोजन ‘प्रमोटिंग ग्लोबल यूनिटी थ्रू कल्चर’ (Promoting Global Unity Through Culture) की थीम पर किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य विभिन्न देशों, भाषाओं और समुदायों के बीच कला के माध्यम से संवाद स्थापित करना है। इस महोत्सव में किर्गिस्तान और स्लोवाकिया सहित कई देशों के 1,000 से अधिक कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी संस्कृति के रंग बिखेरेंगे।
उद्घाटन समारोह में दृष्टिबाधित दिव्यांग बालिकाएं देंगी नृत्य प्रस्तुति
इस वर्ष के उत्सव का एक विशेष और भावुक कर देने वाला आकर्षण दिव्यांग कलाकार होंगे। उद्भव उत्सव के इतिहास में पहली बार उद्घाटन समारोह के मुख्य मंच पर दृष्टिबाधित दिव्यांग बालिकाओं द्वारा नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी। उद्भव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय और सचिव दीपक तोमर ने बताया कि यह पहल कला के माध्यम से समाज में संवेदनशीलता, समानता और समावेशी भावना को बढ़ावा देने के संकल्प का प्रतीक है। इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि शारीरिक सीमाएं किसी भी बच्चे की प्रतिभा और अभिव्यक्ति के आड़े नहीं आनी चाहिए।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति
उत्सव का विधिवत उद्घाटन 24 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे जीवाजी क्लब में होगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्वालियर की महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार होंगी, जबकि भारत में मंगोलिया के राजदूत उलजीत लवसेनजात समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा, हिमालय कल्चरल फाउंडेशन के अध्यक्ष एल.पी. पोंटसेंग, आईटीएम यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर दौलत सिंह चौहान, डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव, जीवाजी क्लब के अध्यक्ष राजू सेठ, आईटीएम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉ. योगेश उपाध्याय और रजिस्ट्रार ओमवीर सिंह सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक समारोह में उपस्थित रहेंगे।
रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्निवल से होगा शुभारंभ
सांस्कृतिक एकता का संदेश देने के लिए 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्निवल (शोभायात्रा) निकाला जाएगा। यह कार्निवल डॉ. भगवत सहाय सभागार परिसर से शुरू होकर जीवाजी क्लब तक पहुंचेगा। पुलिस बैंड की मनमोहक धुनों और पारंपरिक परिधानों में सजे विदेशी एवं स्थानीय कलाकारों की भागीदारी से ग्वालियर की सड़कों पर वैश्विक सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
छोटे स्तर से शुरू हुई दो दशकों से अधिक की यह यात्रा आज एक विशाल अंतरराष्ट्रीय आयोजन का रूप ले चुकी है। यह उत्सव न केवल नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद करेगा, बल्कि शहरवासियों को भी विश्व की विभिन्न संस्कृतियों से रूबरू होने का अवसर प्रदान करेगा।
इस भव्य आयोजन की तैयारियों के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में आईटीएम यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क अधिकारी अनिल माथुर, उद्भव से मनोज अग्रवाल, शरद सारस्वत, प्रवीण शर्मा, सुरेंद्र पाल सिंह कुशवाहा, आलोक द्विवेदी और राजीव शुक्ला सहित कई वरिष्ठ सहयोगी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
