आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, भिंड में आयोजित की गई। बैठक में सीएमएचओ डॉ. जे.एस. यादव, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. मिश्रा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ. आर.एस. सेमिल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. आलोक शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-3 डॉ. डी.के. शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती ज्योति अंसोलिया सहित ब्लॉक स्तर के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर एवं बंधपत्र चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को लंबित शिकायतों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्वाधिक 161 शिकायतों को 15 दिनों के भीतर संतुष्टिपूर्ण ढंग से बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर आगामी वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री जैन ने जिले के सभी डिलेवरी पॉइंट की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक डिलेवरी पॉइंट पर प्रसव के लिए आवश्यक सामग्री की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को आवश्यकता होने पर ही दूसरे स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किया जाए। साथ ही जिले में गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीकरण का प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया।
स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे महीने में एक दिन महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ के साथ समन्वय स्थापित कर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करें। इससे एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव ने जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं तथा उनके अंतर्गत कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संबंध में जानकारी दी।
