रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला (झाबुआ), NIT:

डायोसिस स्तरीय तीन दिवसीय सेंट अर्नोल्ड कप इंटर पेरिश फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन सेंट अर्नोल्ड स्कूल ग्राउंड, मेघनगर में चार रोमांचक मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में थांदला, पंचकुई, मेघनगर और झाबुआ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
दिन के पहले मुकाबले में थांदला की टीम ने इशगढ़ को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में पंचकुई ने गोपालपुरा को 3-0 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। तीसरे मुकाबले में मेघनगर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए झापादरा को 4-0 से शिकस्त दी। वहीं, दिन के चौथे और अंतिम मुकाबले में झाबुआ की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए रानापुर को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का शानदार परिचय दिया। स्थानीय टीम मेघनगर की जीत से खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अब टूर्नामेंट के अंतिम दिन बुधवार को दो सेमीफाइनल मुकाबले और फाइनल मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद प्रतियोगिता के विजेता का फैसला होगा।
उल्लेखनीय है कि झाबुआ डायोसिस स्तरीय सेंट अर्नोल्ड कप इंटर पेरिश फुटबॉल टूर्नामेंट का प्रथम आयोजन सेंट अर्नोल्ड चर्च, मेघनगर पैरिश द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को पैरिश के विभिन्न संगठनों का सहयोग मिल रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ खेल भावना, अनुशासन और आपसी सद्भाव को प्रोत्साहित करना है।
