साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

अचोले पुलिस ने घरफोड़ी का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; 2.28 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद | New India Times

पालघर जिले में वसई-विरार शहर के अचोले पुलिस थाना क्षेत्र में घरफोड़ी कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2 लाख 28 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच शिकायतकर्ता सोमू जयंत बेल्ले (34), निवासी लोढ़ा चंद्रेश पैराडाइज, संकेश्वर नगर, गालानगर नाला, नालासोपारा पूर्व, तहसील वसई, अपने परिवार के साथ प्रार्थना के लिए चर्च गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर के पीछे की ओर स्थित लोहे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेडरूम की लोहे की अलमारी से 2 लाख 28 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस मामले में अचोले पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 305, 331(3) और 331(4) के अंतर्गत 13 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान 14 अक्टूबर को अपराध प्रकटीकरण शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों को गुप्त सूचना मिली कि दिनेश पवार और अफसर खान नामक संदिग्ध आरोपी चंदनसार तथा विरार पूर्व परिसर में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कातकरी पाड़ा, चंदनसार, विरार पूर्व क्षेत्र में तलाश कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान दिनेश राजू पवार (21), निवासी साई कृपा चाल, कातकरी पाड़ा, चंदनसार, विरार पूर्व तथा अफसर असलम खान (26), निवासी साई बाजार, कल्याणकारी सहकारी संस्था, तुलिंज, नालासोपारा पूर्व, तहसील वसई, जिला पालघर के रूप में की है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए कुल 2 लाख 28 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर मामले का खुलासा किया।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, परिमंडल-2, वसई, सहायक पुलिस आयुक्त नितीन गिते, तुलिंज विभाग तथा अचोले पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुजितकुमार पवार के मार्गदर्शन में की गई। अपराध प्रकटीकरण शाखा के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version