मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

‘चुनरी वाले भैया’ की चुनरी यात्रा में उमड़ रहा आस्था का जनसैलाब | New India Times

जुन्नारदेव में माँ दुर्गा के प्रति अटूट आस्था, जनसेवा के संकल्प और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की मंगलकामना के साथ विधायक सुनील उईके की नौ दिवसीय चुनरी यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। यात्रा में जगह-जगह श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। ढोल-नगाड़ों के बीच गूंजते जयकारे और भक्तों का उत्साह इसे विशेष बना रहे हैं। इसी धार्मिक परंपरा के चलते विधायक सुनील उईके को क्षेत्र में ‘चुनरी वाले भैया’ के नाम से पहचान मिली है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रेरणा से वर्ष 2013 में प्रारंभ हुई यह यात्रा अपने 14वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्र में आयोजित होने वाली इस यात्रा के माध्यम से विधायक सुनील उईके विभिन्न ग्रामों के दुर्गा पंडालों में पहुँचकर माँ दुर्गा को चुनरी एवं प्रसाद अर्पित करते हैं और क्षेत्रवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।

नैनादेवी से शुरू हुआ सफर, गाँव-गाँव पहुँच रही चुनरी यात्रा

नवरात्र की प्रतिपदा पर जुन्नारदेव में बाबा भोलेनाथ का पूजन करने के बाद तामिया के तुलतुला पहाड़ पर विराजमान माँ नैनादेवी को प्रथम चुनरी अर्पित कर यात्रा का शुभारंभ हुआ। इसके बाद यात्रा तामिया, चावलपानी, नवेगांव एवं दमुआ ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों तक पहुँची। 16 अक्टूबर को डुंगरिया, घोड़ावाड़ी एवं दमुआ के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा 17 अक्टूबर को रामपुर, तानसी एवं राखीकोल क्षेत्र में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

विधायक सुनील उईके ने विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुँचकर मातारानी को चुनरी एवं प्रसाद अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जगह-जगह हुए स्वागत और धार्मिक आयोजनों में ग्रामीणों की सहभागिता ने यात्रा के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

18 एवं 19 अक्टूबर को जुन्नारदेव के ग्रामों में पहुँचेगी यात्रा

चुनरी यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है। 18 एवं 19 अक्टूबर को जुन्नारदेव ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों के दुर्गा पंडालों में माँ दुर्गा को चुनरी अर्पित की जाएगी। यात्रा का भव्य समापन 19 अक्टूबर को शाम 4 बजे अम्बाड़ा स्थित माँ हिंगलाज के दरबार में अंतिम चुनरी अर्पित करने के साथ होगा।

विधायक सुनील उईके एवं उनके साथियों ने क्षेत्रवासियों से चुनरी यात्रा में शामिल होकर माँ दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version