मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
बुरहानपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र में मेट्रो हॉस्पिटल के पास एक 2 वर्षीय बालिका मिली, जो खेलते-खेलते घर का रास्ता भटक गई थी। पुलिस सहायता के लिए सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को सुबह 9:36 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल सहायता के लिए रवाना किया गया।
डायल-112 के स्टाफ आरक्षक नीरज ठाकुर एवं पायलट दीपक चौधरी ने मौके पर पहुंचकर 2 वर्षीय बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बालिका अपने परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। डायल-112 के जवानों ने बालिका को साथ लेकर आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की, लेकिन उसके परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद बालिका के संबंध में संबंधित थाने को सूचना दी गई। जानकारी मिली कि बालिका के परिजन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना कोतवाली पहुंचे हुए हैं। इस पर डायल-112 के जवान बालिका को एफ.आर.व्ही. वाहन से थाने लेकर पहुंचे, जहां उसके परिजन मौजूद मिले।
बालिका की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा की सराहना की और पुलिस जवानों का धन्यवाद किया।
