मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
सुरों के सम्राट स्वर्गीय किशोर कुमार (किशोर दा, खंडवा वाले) की पुण्यतिथि पर ‘तेरे सुर मेरे गीत संगीत समूह’ द्वारा शानदार गीत-संगीत कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। किशोर दा के सदाबहार गीतों की एकल एवं युगल प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को गुज़रे ज़माने की यादों में पहुँचा दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लायंस क्लब सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं से जुड़े समाजसेवी सतीश अग्रवाल, देश के ख्यातिप्राप्त हास्य कवि डॉ. रमेशचंद्र शर्मा ‘धुआँधार’ (बुरहानपुर), समाजसेवी सुदामा इंगले एवं रोटी बैंक के संचालक संजय शिंदे उपस्थित रहे। अतिथियों ने किशोर दा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद समिति के गायकों ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। मधुर आवाज़ों और बेहतरीन गायकी ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रोताओं ने करतल ध्वनि से सभी गायक-गायिकाओं का उत्साहवर्धन किया। छोटे से शहर बुरहानपुर में कलाकारों की इतनी सुंदर गायकी सुनकर श्रोता भी अचंभित नज़र आए। कार्यक्रम में विश्वास अग्रवाल की विशेष प्रस्तुति सराहनीय रही।
समिति के संयोजक एवं समाजसेवी सुनील सलूजा, अध्यक्ष राज भावसार, उपाध्यक्ष सुमित गुप्ता एवं वर्षा अग्रवाल, सचिव वीरेंद्र मिश्रा तथा प्रचार मंत्री अज़हर हसन सहित सागर मोदी, मंजु लखोटिया, माधुरी पंडित, संतोष जाधव, संतोष महाजन एवं सतीश गुजराती ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राज भावसार ने जानकारी दी कि अगले माह शहर में एक भव्य गीत-संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन सुमित गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन वीरेंद्र मिश्रा ने किया।
इस तरह किशोर दा के अमर गीतों के माध्यम से संगीत प्रेमियों ने उन्हें याद किया और सुरों से सजी एक यादगार शाम का आनंद लिया।
