अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
राजधानी भोपाल के न्यू कबाड़ खाना क्षेत्र वार्ड क्रमांक 16 में सड़क किनारे फैला कचरा और उसके बीच भोजन तलाशते मवेशी नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। तस्वीर में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरा सड़क किनारे बिखरा दिखाई दे रहा है। कचरे के ढेर पर मवेशियों का जमावड़ा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति को उजागर कर रहा है।
सड़क किनारे जमा कचरे से स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। खुले में पड़े प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट को खाने से मवेशियों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बना रहता है। ऐसे में क्षेत्र में नियमित सफाई और कचरे के समय पर उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल है कि वार्ड 16 के न्यू कबाड़ खाना क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कब कदम उठाए जाएंगे? क्या संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण कर कचरे की नियमित सफाई और मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई करेंगे, या फिर क्षेत्रवासियों को इसी तरह गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ेगा?
शहर को स्वच्छ रखने के दावों के बीच वार्ड 16 की इस स्थिति पर संबंधित अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है। अब देखना यह है कि नगर निगम इस समस्या का समाधान कब तक करता है।
