मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर द्वारा बाई साहब स्थित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन के महान विचारों, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के प्रति उनके समर्पण को याद किया।
महाराजा अग्रसेन जी का जीवन हमें समानता, सेवा, सहयोग, अहिंसा और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान की प्रेरणा देता है। उन्होंने ऐसी समाज व्यवस्था की कल्पना की, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले और समाज के विकास में सभी की सहभागिता हो। उनका प्रसिद्ध सिद्धांत ‘एक ईंट और एक रुपया’ आपसी सहयोग, परस्पर विश्वास और जरूरतमंदों को सहारा देने की भावना का प्रतीक है।
महाराजा अग्रसेन के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वर्तमान समय में सामाजिक एकता को मजबूत करने, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता करने तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए उनके आदर्शों को अपनाना आवश्यक है। सच्चे अर्थों में महापुरुषों के प्रति सम्मान तभी सार्थक होता है, जब उनके विचारों को अपने आचरण और सामाजिक कार्यों में स्थान दिया जाए।
ताप्ती सेवा समिति का मानना है कि समाजहित सर्वोपरि की भावना के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक सद्भाव के कार्य करना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर समिति ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में एकता, सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सरिता राजेश भगत, वैश्य समाज अध्यक्ष सतीश अग्रवाल, विजय राठौर, रजनी गट्टानी, रामकुमार अग्रवाल, राजकुमार बच्छवानी, नंदकुमार वाणे, अजय राठौर, जैकी चड्ढा, विनय पुनिवाला, अताउल्लाह खान और राजेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। आभार समिति के सचिव धर्मेंद्र सोनी ने व्यक्त किया।
