ज़फ़र खान, अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

अकोला में नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई, 63 कोयते जब्त; दुकान मालिक समेत तीन गिरफ्तार | New India Times

अकोला शहर में नाकाबंदी के दौरान यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन से एक धारदार कोयता बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित दुकान पर छापेमारी कर 62 और कोयते जब्त किए। मामले में दुकान मालिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 63 कोयते और एक दोपहिया वाहन समेत 62 हजार 600 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के निर्देश पर शहर में अपराधों पर नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 10 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से सरकारी बगीचे के सामने नाकाबंदी की गई थी। रात करीब 8 बजे शहर यातायात शाखा के पुलिस कांस्टेबल भूषण सोळंके और पुलिस हवलदार अश्विन चव्हाण ने बिना नंबर प्लेट वाली सुजुकी एक्सेस मोपेड पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली। वाहन की डिक्की से एक लोहे का धारदार कोयता बरामद हुआ।
पुलिस ने मुज्जमिल खान यूनुस खान (23), निवासी सोनटक्के प्लॉट, पुराना शहर, अकोला और सैय्यद फिरोज सैय्यद जानी (26), निवासी नेहरूनगर, खैर मोहम्मद प्लॉट, अकोला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कोयता शालिनी टॉकीज के सामने स्थित लोहा बाजार की एक दुकान से खरीदने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस निरीक्षक संजय गवई और शहर यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक विलास पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंचों की मौजूदगी में प्रिंस हार्डवेयर नामक दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से कोयतों से भरी एक बोरी बरामद हुई, जिसमें 62 लोहे के कोयते मिले। इनकी कीमत 12 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दुकान मालिक आरिफ अहमद खान उमर खान (52), निवासी कोठडी बाजार, अकोला को भी गिरफ्तार कर लिया।

62 हजार 600 रुपये का मुद्देमाल जब्त
पुलिस के अनुसार, दुकान से बरामद 62 कोयतों की कीमत 12 हजार 400 रुपये है। इसके अलावा मुज्जमिल खान के पास से बरामद एक कोयते की कीमत 200 रुपये और बिना नंबर प्लेट वाली सुजुकी एक्सेस मोपेड की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 63 कोयते और एक दोपहिया वाहन सहित 62 हजार 600 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस कांस्टेबल भूषण सोळंके की लिखित शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम की धारा 4 और 25 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

नाकाबंदी अभियान से पहले भी मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी नाकाबंदी के दौरान चोरी के आठ वाहन और करीब तीन लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया जा चुका है। इसके अलावा अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए नाकाबंदी अभियान भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध या अनुचित गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक संजय गवई, पुलिस निरीक्षक विलास पाटिल, पुलिस हवलदार अजय भटकर, ख्वाजा शेख और किशोर येऊल तथा पुलिस कांस्टेबल शैलेश घुगे, अमोल गायकवाड, आकाश जामोदे, भूषण सोळंके और पुलिस हवलदार अश्विन चव्हाण शामिल रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version