रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

जीजामाता शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन के निर्देशानुसार सर्व सेवा संकल्प समिति, बुरहानपुर के सहयोग से 10 अक्टूबर 2026 को नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश नशाबंदी प्रशिक्षक डॉ. मनोज अग्रवाल, भाजपा महामंत्री श्री ईश्वर चौहान, भाजपा मंत्री श्री सुनील वाघे, ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय से कुमारी स्वाती दीदी एवं कुमारी परीका दीदी, समाजसेवी श्रीमती संध्या कदवाने तथा सामाजिक न्याय विभाग से श्री प्रमोद मसकोले उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश नशाबंदी प्रशिक्षक डॉ. मनोज अग्रवाल ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने नशे के दुष्परिणामों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया।

इसके पश्चात ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय से पधारीं कुमारी स्वाती दीदी ने अपने संबोधन में मानव शरीर के महत्व को समझाया। उन्होंने मानव शरीर की तुलना एक महंगी कार से करते हुए सरल शब्दों में विद्यार्थियों को शरीर की अनमोल कीमत समझाई तथा उसकी उचित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन श्री भूषण साकलकर ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के प्राचार्य डॉ. दीपक शाह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
